बिहार

नर्सिंग कॉलेज की चार-पांच छात्राओं की अचानक बिगड़ी तबीयत, गंभीर स्थिति में सदर अस्पताल में भर्ती

रोहतास से अविनाश श्रीवास्तव की रिपोर्ट 

सासाराम. रोहतास जिले के सदर प्रखंड स्थित खैरी बभनगावां में गुरुवार को एक नर्सिंग कॉलेज की चार छात्राओं की अचानक तबीयत बिगड़ गई. आनन-फानन में कॉलेज प्रबंधन की ओर से उन्हें सदर अस्पताल के ट्रामा सेंटर में इलाज के लिए भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों की देखरेख में उनका फिलहाल इलाज चल रहा है. पीड़ित छात्राओं में काव्या रानी, आरती कुमारी, प्रीति कुमारी एवं खुशबू कुमारी शामिल हैं.

पठन कार्य के दौरान अचानक बिगड़ी तबीयत

घटना के संदर्भ में बताया जाता है कि बभनगावां स्थित आरआरपी नर्सिंग कॉलेज में गुरुवार की दोपहर छात्राएं कक्षा में पढ़ाई कर रही थी, तभी अचानक बारी-बारी से चार छात्राओं की तबीयत बिगड़ने लगी. सभी छात्राओं को उल्टी दस्त के साथ-साथ चक्कर आने की शिकायत थी और उन्हें कमजोरी भी महसूस हो रही थी, जिसके बाद तत्काल उन्हें एंबुलेंस के माध्यम से सदर अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया. 

कॉलेज एवं अस्पताल में रही गहमागहमी 

वहीं नर्सिंग कॉलेज में अचानक छात्राओं की तबीयत बिगड़ने से हड़कंप मच गया तथा अन्य छात्राएं भी डर के मारे रोने लगीं. इधर अस्पताल में भी काफी देर तक गहमागहमी की स्थिति बनी रही. प्राप्त जानकारी के अनुसार सभी छात्राएं नर्सिंग कॉलेज के छात्रावास में हीं रहती हैं और आशंका है कि छात्रावास में भोजन करने के बाद उन्हें उल्टी, दस्त आदि की शिकायतें महसूस होने लगी. 

सभी छात्राएं फूड प्वाइजनिंग का शिकार

सदर अस्पताल के ट्रामा सेंटर में पीड़ित छात्राओं का इलाज कर रहे चिकित्सक डॉ विमलेंदु कुमार  ने बताया कि सभी बच्चियों को पेट दर्द, दस्त एवं कमजोरी की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिन्हें चिकित्सकों की देखरेख में रखा गया है. उन्होंने बताया कि संभवतः सभी बच्चियां फूड प्वाइजनिंग का शिकार हुई हैं और फिलहाल सभी की स्थिति सामान्य है.

यह भी पढ़ें: दरभंगा में बस और टेंपो की सीधी टक्कर में दो लोगों की मौत