बिहार में रफ्तार का तांडव, दो स्कॉर्पियो की भीषण टक्कर में चार की मौत, दर्जनभर घायल
न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क संजय कुमार / बेगूसराय : जिले में तेज रफ्तार का कहर एक बार फिर चार परिवारों पर भारी पड़ गया। रविवार की देर रात रिफाइनरी थाना क्षेत्र के अंग्रेजी ढाला स्थित एनएच-31 पर दो स्कॉर्पियो की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में पहले तीन युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल दूसरी स्कॉर्पियो के चालक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इस भीषण सड़क हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर चार हो गई है। वहीं एक दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हैं, जिनमें कई की हालत चिंताजनक बनी हुई है।
मरने वालों के नाम
मृतकों की पहचान नगर थाना क्षेत्र के पोखरिया वार्ड-37 निवासी स्वर्गीय ललन पासवान के पुत्र ऋषभ कुमार (26), बैजू शर्मा के पुत्र सन्नी कुमार (26), वार्ड-36 निवासी राजन साह उर्फ़ चिक्कू के पुत्र हिमांशु कुमार (22) तथा बखरी थाना क्षेत्र के राटन गांव निवासी स्कॉर्पियो चालक राजा कुमार के रूप में हुई है। राजा कुमार बारात लेकर विनोदपुर जा रहे थे। हादसे में गंभीर रूप से घायल होने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
गंगा स्नान और जन्मदिन की योजना
जानकारी के अनुसार पोखरिया से छह युवक एक स्कॉर्पियो पर सवार होकर सिमरिया गंगा घाट स्नान के लिए निकले थे। परिजनों ने बताया कि दोस्तों ने रात में जन्मदिन का जश्न मनाया था और इसके बाद सभी गंगा स्नान के लिए रवाना हुए थे। परिवार वालों को इस बात का जरा भी अंदाजा नहीं था कि यह सफर उनकी जिंदगी का आखिरी सफर साबित होगा। बताया जा रहा है कि दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो चला रहे सन्नी कुमार बिहार उत्पाद (एक्साइज) विभाग में चालक के रूप में कार्यरत थे। अंग्रेजी ढाला के समीप सामने से आ रही दूसरी स्कॉर्पियो से उनकी गाड़ी की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
बारात की खुशियां भी मातम में बदली
दूसरी स्कॉर्पियो बखरी थाना क्षेत्र के राटन गांव से बारात लेकर विनोदपुर जा रही थी। स्कॉर्पियो चला रहे राजा कुमार भी हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। राजा कुमार की मौत की खबर मिलते ही राटन गांव में मातम छा गया और जिस घर में शादी की खुशियां थीं, वहां भी सन्नाटा पसर गया। इस स्कॉर्पियो में सवार विकास कुमार, प्रियांशु कुमार, लक्ष्मण कुमार, प्रिंस कुमार और ज्योतिष कुमार समेत आधा दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं दूसरी स्कॉर्पियो में सवार रूपेश कुमार, करण कुमार और रवि कुमार सहित कई अन्य युवक भी गंभीर रूप से जख्मी हुए हैं। सभी घायलों का विभिन्न निजी अस्पतालों में इलाज जारी है।
चीख-पुकार के बीच चला राहत कार्य
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के लोग दौड़ पड़े। दोनों स्कॉर्पियो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी थीं और कई लोग वाहन में फंस गए थे। स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत कर घायलों को बाहर निकाला। सूचना मिलने पर पुलिस और एंबुलेंस की टीम मौके पर पहुंची और सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
पुलिस कर रही हादसे की जांच
घटना की सूचना मिलते ही रिफाइनरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त दोनों स्कॉर्पियो को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और आमने-सामने की टक्कर को दुर्घटना की मुख्य वजह माना जा रहा है।
चार परिवारों के बुझ गए चिराग
इस दर्दनाक हादसे ने चार परिवारों की खुशियां हमेशा के लिए छीन लीं। एक ओर गंगा स्नान और जन्मदिन की योजना मातम में बदल गई, तो दूसरी ओर बारात लेकर जा रहे चालक की मौत से शादी की खुशियां भी गम में तब्दील हो गईं। मृतकों के घरों में कोहराम मचा हुआ है, जबकि कई घायल अब भी जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहे हैं। बेगूसराय में लगातार बढ़ रहे सड़क हादसे एक बार फिर रफ्तार के खतरनाक सच को उजागर कर रहे हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और सभी घायलों का इलाज जारी है।