तेज रफ्तार डीजे गाड़ी ने टेंपो को मारी टक्कर, युवक की मौत, दो घायल
न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क
राहुल कुमार / शेरघाटी - इमामगंज पुलिस अनुमंडल क्षेत्र के सुहैल सलैया थाना अंतर्गत मंझौली सलैया नदी के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में टेंपो सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और परिजनों में कोहराम छा गया।
हाईलाइट्स -
- इमामगंज के सुहैल सलैया थाना क्षेत्र में मंझौली सलैया नदी के पास सड़क हादसा हुआ।
- तेज रफ्तार डीजे गाड़ी ने टेंपो को जोरदार टक्कर मारी।
- हादसे में 26 वर्षीय संदीप भारती की मौके पर मौत हो गई, दो लोग घायल हुए।
- सभी लोग तिलक समारोह से लौट रहे थे, तभी यह दुर्घटना हुई।
- घायलों का इलाज इमामगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है।
- पुलिस ने डीजे वाहन जब्त कर लिया है और चालक पर कार्रवाई जारी है।
- मृतक के परिवार में मातम, परिजनों ने मुआवजे की मांग की है।
तेज रफ्तार डीजे गाड़ी ने मारी टक्कर
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक डीजे गाड़ी ने सामने से आ रहे टेंपो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि टेंपो में सवार 26 वर्षीय संदीप भारती (पिता स्व. दुलारे भुइयां) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं छोटू भारती और नरेश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जाता है कि सभी लोग तिलक समारोह में शामिल होकर बांकेबाजार के सकरपुर से अपने घर लौट रहे थे, तभी यह हादसा हुआ।
पुलिस कार्रवाई और परिजनों में मातम
घटना की सूचना मिलते ही सुहैल सलैया थाना अध्यक्ष रविकांत कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मगध मेडिकल कॉलेज, गया भेज दिया। घायलों को इमामगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने डीजे वाहन (BR46G4334) को जब्त कर लिया है और चालक के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। इधर, मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और उन्होंने सरकार से मुआवजे की मांग की है।
इसे भी पढ़ें - CM बनने के बाद पहली बार PM मोदी से मिले सम्राट, बिहार के विकास को मिलेगी अब नई रफ्तार !