नवादा में डिज्नीलैंड मेले के पास बच्चे को गोली लगी, गंभीर रूप से घायल, अस्पताल में भर्ती; पुलिस जांच में जुटी
अमन/न्यूज11 भारत
नवादा/डेस्क: बिहार के नवादा में डिज्नीलैंड मेले के पास गोली लगने से एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया. उसे तुरंत नवादा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है. यह घटना नवादा नगर थाना क्षेत्र के यादव चौक स्थित डिज्नीलैंड मेले के पास हुई.
घायल बच्चे की पहचान बादलपुर गांव निवासी त्रिपुरारी सिंह के पुत्र आयुष कुमार के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार, आयुष के दाहिने हाथ में गोली लगी थी, जिसे निकाल दिया गया है. राम कुंदन कुमार ने बताया कि गोली लगने वाला बालक रामनगर का रहने वाला है.
बताया जा रहा है कि घटना उस समय हुई जब 15 से 20 की संख्या में बदमाश मारपीट कर रहे थे. इसी दौरान गोली चली और बच्चे को लग गई. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.
स्थानीय लोगों का कहना है कि नवादा में आपराधिक घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं और अपराधी बेलगाम हो चुके हैं. उन्होंने यह भी बताया कि इस इलाके में पहले भी अपराधियों का हौसला बुलंद रहा है. हालांकि, यह भी बताया जा रहा है कि गोली बच्चे को छूकर निकल गई थी, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है.
यह भी पढ़ें: गंगा में डूबने से 8 वर्षीय बच्ची की हुई मौत, हाथ धोने के दौरान पांव फिसलने से हादसा, परिजनों में मातम