सड़क पर दिखी पुराने जमाने की बारात… लेकिन ट्विस्ट ऐसा कि हर कोई देखने लगा
न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क
बेगूसराय - बदलते दौर में जहां शादियों में लग्ज़री गाड़ियों और डीजे का चलन आम हो गया है, वहीं बिहार के बेगूसराय से एक अलग ही तस्वीर सामने आई। यहां एक बारात पूरी तरह बैलगाड़ी पर निकाली गई। खास बात यह रही कि जदयू विधायक अभिषेक आनंद भी बाराती बने और दूल्हे के साथ करीब 10 किलोमीटर तक बैलगाड़ी पर सफर किया।
हाईलाइट्स:
- बैलगाड़ी पर निकली अनोखी बारात
- विधायक अभिषेक आनंद बने बाराती
- 10 किलोमीटर तक किया सफर
- परंपरा और पर्यावरण का दिया संदेश
- सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल
छौड़ाही से हसनपुर तक अनोखी बारात
यह अनोखी बारात बेगूसराय जिले के छौड़ाही प्रखंड से निकली, जहां पूरपथार निवासी चंद्रकांत यादव के बेटे प्रिंस यादव की शादी थी। बारात को समस्तीपुर जिले के हसनपुर गांव जाना था। लेकिन इस बारात की सबसे बड़ी खासियत यह रही कि इसमें आधुनिक वाहनों की जगह पारंपरिक बैलगाड़ियों का इस्तेमाल किया गया।
सजी-धजी बैलगाड़ियां बनीं आकर्षण का केंद्र
बारात में शामिल बैलगाड़ियों को खूबसूरती से सजाया गया था। बाराती उन्हीं पर सवार होकर निकले, जिसे देखने के लिए रास्ते भर लोगों की भीड़ जुट गई। लोग रुक-रुककर इस अनोखे नजारे को अपने मोबाइल कैमरों में कैद करते नजर आए।
परंपरा की वापसी, पुरानी यादें ताजा
एक समय था जब गांवों में बैलगाड़ी ही परिवहन का मुख्य साधन हुआ करता था। बारात भी इसी से जाती थी और दुल्हन की विदाई भी इसी पर होती थी। इस बारात ने उसी पुरानी परंपरा को फिर से जीवंत कर दिया, जिससे लोगों को पुराने दिनों की यादें ताजा हो गईं।
पर्यावरण को लेकर विधायक का संदेश
विधायक अभिषेक आनंद ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा, “आज पूरी दुनिया ग्लोबल वार्मिंग और प्रदूषण से जूझ रही है। ऐसे में यह पहल समाज को बड़ा संदेश देती है कि हम पारंपरिक और पर्यावरण के अनुकूल तरीकों को अपनाकर बदलाव ला सकते हैं।”
सोशल मीडिया पर वायरल हुई बारात
यह अनोखी बारात अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। लोग इसे न सिर्फ एक अनोखी पहल के रूप में देख रहे हैं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़ने का बेहतरीन उदाहरण भी मान रहे हैं।
इसे भी पढ़ें - लव मैरिज के 4 महीने बाद दहेज की मांग, नवविवाहिता को जहर देकर उतारा मौत के घाट