बम धमाकों के बीच वैशाली में भीषण डकैती, बदमाशों ने आभूषण व्यवसायी को बनाया निशाना
न्यूज 11 भारत / पटना डेस्क : वैशाली जिले के महनार प्रखंड के परमानंदपुर गांव में देर रात डकैतों ने पुलिस को खुलेआम चुनौती दी है। दो दर्जन से ज्यादा की संख्या में बदमाशों ने घर में आभूषण कारोबारी के घर में घुसकर भीषण डकैती की घटना को अंजाम दिया है। डकैत मकान के ऊपरी मंजिल पर चढ़ने के लिए साथ सीढ़ी भी लाए थे।
डकैत जब सोने चांदी के आभूषण लेकर निकलने लगे तो घर से चीखने चिल्लाने की आवाज के बाद आसपास के लोग इकट्ठा होने लगे। इस दौरान दहशत फैलाने के लिए डकैतों ने बमबाजी शुरू कर दी। बदमाशों ने कई राउंड गोलियां भी चलाई।
नकाब पहने थे अपराधी
जानकारी के अनुसार, करीब 30 की संख्या में पहुंचे नकाबपोश अपराधियों ने एक सोनार के घर को निशाना बनाया और कई लाख रुपए के सोने-चांदी के आभूषण लूट लिए। घटना के दौरान इलाके में कई घंटों तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। स्थानीय लोगों के मुताबिक, अपराधियों ने दहशत फैलाने के लिए लगातार फायरिंग और विस्फोट किए, जिससे कई लोग घायल भी हुए हैं। इस पूरे घटनाक्रम का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें अपराधियों की गतिविधियां साफ देखी जा सकती हैं।
जांच में जुटी पुलिस
सबसे हैरानी की बात यह रही कि घटना के करीब एक घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची, जिसको लेकर ग्रामीणों में काफी आक्रोश देखा जा रहा है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है