बिहार सरकार का बड़ा फैसला: अब राशन दुकानों में भी मिलेगा कुकिंग कोयला, जानिए सरकार की तैयारी
न्यूज 11 भारत / पटना डेस्क: बिहार में अब जन वितरण प्रणाली (PDS) दुकानों के माध्यम से गेहूं-चावल के साथ-साथ कुकिंग कोयला भी उपलब्ध कराया जा रहा है। रसोइ गैस की कमी को देखते हुए यह एक बहुत बड़ा फैसला है। ईरान-अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग ने सभी खान एवं भूतत्व विभाग व परिवहन विभाग के सचिव के साथ सभी जिला पदाधिकारियों को इस संबंध में मंगलवार को पत्र जारी किया है।
रसोई गैस की हो रही समस्या
सचिव अभय कुमार सिंह के अनुसार वर्तमान में दक्षिण पश्चिम एशिया में जारी युद्ध के कारण ऊर्जा का सप्लाई चेन प्रभावित हुआ है। इस कड़ी में राज्य में लोगों के समक्ष खाना बनाने के लिए रसोई गैस (एलपीजी) की उपलब्धता की समस्या शुरू हुई है। इसे ध्यान में रखते हुए रसोई गैस की कमी के निवारण व खाना बनाने के लिए वैकल्पिक ऊर्जा स्रोत के रूप में कोयला की आपूर्ति का फैसला लिया गया है।
वितरण की होगी निगरानी
आपादा प्रबंधन अधिनियम, 2005 के प्रविधान के आलोक में राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम से आच्छादित लाभुकों को जन वितरण प्रणाली दुकानों के माध्यम से कुकिंग कोयला (कुकिंग कोल) की आपूर्ति एवं वितरण किया जाएगा। लाभुकों को जन वितरण प्रणाली दुकानों से रसोई के लिए उपयुक्त कोयला की आपूर्ति एवं वितरण की निगरानी जिला और मुख्यालय दोनों स्तर से होगी।