बिहार के समस्तीपुर जिले में बाइक सवार बदमाशों ने द

Bihar Crime: बिहार में दिन दहाड़े युवक को दौड़ाकर दाग दी गोली, जानिए क्या है पूरा मामला

घटनास्थल पर पुलिस

न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क अफरोज आलम /समस्तीपुर: जिला के कल्याणपुर थाना क्षेत्र के माधोपुर गांव के समीप दिन दहाड़े बाइक सवार बदमाशों ने दो लोगों को गोली मार दी। इस घटना में एक युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से जख्मी हो गया। घायल को गंभीर अवस्था में दरभंगा भेजा गया है। 

बाइक और पिस्टल बरामद

घटना की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंचकर छानबीन में जुट गई है। पुलिस ने घटनास्थल से बुलेट बाइक बरामद की है साथ ही मौके से एक पिस्टल भी बरामद की गई है, जिसे जब्त कर पुलिस आगे की जांच पड़ताल में जुट गई है। फिलहाल, मृतक और घायल की पहचान नहीं हो पाई है। वारदात को क्यों और किसने अंजाम दिया, इस संबंध में भी जांच जारी है। 

गैंग वॉर की आशंका 

फिलहाल, पुलिस इस घटना को गैंग वॉर मान रही है। बताया जाता है कि मृतक के शरीर में गोली लगने के तीन से चार निशान मिले हैं, जबकि जख्मी युवक को भी तीन गोली लगने की बात बताई जा रही है। बाइक सवार माधोपुर से बिरौली की ओर जा रहे थे तभी यह घटना घटी है। गोली चलने की आवाज के बाद घटनास्थल पर जुटे लोगों ने पहले पुलिस को सूचना दी। इसके बाद घटनास्थल से घायल को उठाकर इलाज के लिए कल्याणपुर पीएचसी में भर्ती कराया। जहां से उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए डीएमसीएच दरभंगा रेफर कर दिया गया है। 

कैसे हुई वारदात

स्थानीय लोगों की मानें तो दो अलग-अलग बाइक पर चार युवक थे, जिसे माधोपुर चौक के पास लोगों ने आपस में बात करते हुए देखा था। बातचीत के दौरान किसी बात को लेकर दोनों बाइक पर सवार चारों लोगों में बकझक हो गई। इसी दौरान एक बाइक सवार ने आगे चलकर सबक सिखाने की भी बात कही थी। कुछ दूर आगे चलने पर बाइक सवार ने पीछे से आ रहे बुलेट सवार पर गोली चला दी। जिससे मौके पर ही बुलेट सवार की मौत हो गई दूसरे को बदमाशों ने खदेड़ कर खेत में गोली मारी। 

जांच में जुटी पुलिस 

इधर घटना की सूचना मिलते ही कल्याणपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की तहकीकात शुरू की। बताया जाता है कि पुलिस ने घटनास्थल के समीप से एक पिस्तौल और कई खोखे बरामद की है। इधर एएसपी संजय पांडे का बताना है कि गोलीबारी की सूचना पर पुलिस को भेजा गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। हालांकि मृतक और घायल की पहचान नहीं हो सकी है।