बिहार के पटना समेत 6 जिलों में आज शाम 7 बजे से 15

ठीक शाम 7 बजे बजेगा सायरन, छाएगा अंधेरा, थमेगी सड़कें, बिहार के 6 जिलों में होगा 15 मिनट का ब्लैकआउट अभ्यास..

15 मिनट का ब्लैकआउट अभ्यास..

न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क

पटना -  बिहार में आज शाम सिविल डिफेंस की तैयारियों को परखने के लिए बड़े स्तर पर मॉक ड्रिल और ब्लैकआउट अभ्यास किया जाएगा। इस दौरान पटना समेत कुल 6 जिलों में कुछ समय के लिए पूरा माहौल “अंधकार” में डूबा रहेगा, ताकि आपात स्थिति में सुरक्षा तंत्र की वास्तविक क्षमता की जांच हो सके।

हाईलाइट्स - 

  • पटना समेत 6 जिलों में शाम 7 बजे ब्लैकआउट मॉक ड्रिल
  • 15 मिनट तक बिजली और सड़क यातायात रहेगा पूरी तरह बंद
  • सायरन बजते ही आपातकालीन तैयारियों की जांच शुरू होगी
  • गांधी मैदान कंट्रोल रूम से पूरी स्थिति की निगरानी
  • रेलवे और हवाई सेवाएं ड्रिल से बाहर रखी गईं

15 मिनट का ब्लैकआउट अभ्यास

राजधानी Patna में शाम 7 बजे से 7 बजकर 15 मिनट तक ब्लैकआउट लागू रहेगा। सायरन बजते ही बिजली आपूर्ति पूरी तरह बंद कर दी जाएगी और लोगों से अपील की गई है कि वे घरों, दुकानों और प्रतिष्ठानों की सभी लाइटें बंद रखें। इस दौरान इनवर्टर और जनरेटर का उपयोग भी न करने की सलाह दी गई है। सड़क पर चल रहे वाहन चालकों को भी निर्देश दिया गया है कि वे सुरक्षित स्थान पर रुककर अपनी गाड़ी बंद कर दें और लाइटें व इंडिकेटर भी ऑफ रखें।

मॉक ड्रिल से पहले और बाद में बजेगा सायरन

सायरन ड्रिल की शुरुआत और समाप्ति दोनों समय बजाया जाएगा, जिससे लोगों को स्थिति का स्पष्ट संकेत मिल सके।  यह केवल अभ्यास है, इसलिए किसी तरह की घबराहट की जरूरत नहीं है। गांधी मैदान स्थित कंट्रोल रूम से पूरे ऑपरेशन की निगरानी की जाएगी।

6 जिलों में एक साथ अभ्यास

यह सुरक्षा अभ्यास सिर्फ पटना तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि किशनगंज, बेगूसराय, पूर्णिया, अररिया और कटिहार में भी किया जाएगा। इन जिलों में सिविल डिफेंस, पुलिस, जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन से जुड़ी टीमें मिलकर आपातकालीन हालात से निपटने की तैयारियों को परखेंगी। रेलवे और हवाई सेवाओं को इस ड्रिल से अलग रखा गया है ताकि सामान्य परिवहन व्यवस्था प्रभावित न हो।  प्रशासन ने लोगों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि यह अभ्यास सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए किया जा रहा है, इसलिए सभी निर्धारित समय पर दिशा-निर्देशों का पालन करें और शांति बनाए रखें।

इसे भी पढ़ें - अब CISF के सुरक्षा घेरे में दरभंगा एयरपोर्ट, बिहार को मिला तीसरा हाई-सिक्योरिटी एयरपोर्ट