बिहार

ईरान-इजरायल युद्ध में बेतिया के कैप्टन लापता, जहाज पर गिरा था मिसाइल

न्यूज़11 भारत  बेतिया/डेस्क: मध्य पूर्व में जारी युद्ध के बीच ओमान की खाड़ी में एक तेल टैंकर जहाज स्काई लाइट पर 1 मार्च को मिसाइल से हमला किया गया. यह जहाज ओमान के खासब तट के पास एंकर पर खड़ा था. इस हमले के बाद से जहाज के कप्तान, बिहार के बेतिया शिक्षक नगर निवासी आशीष कुमार लापता हैं. उनके परिवार में गहरी चिंता का माहौल है और अब तक उनकी कोई जानकारी परिजनों को नहीं मिल पाई है. आशीष कुमार के भाई आकाश कुमार ने बताया कि हमले के बाद उन्होंने ओमान स्थित भारतीय दूतावास से ईमेल के माध्यम से संपर्क किया. 2 मार्च को शिपिंग कंपनी के एजेंट सुमित का फोन आया, जिसमें बताया गया कि जहाज पर हमला हुआ है और अधिकांश चालक दल के सदस्यों को सुरक्षित बचा लिया गया है. हालांकि, कप्तान आशीष कुमार सहित दो अन्य लोग अभी भी लापता हैं. परिवार के सदस्यों का कहना है कि कंपनी और भारतीय दूतावास की ओर से अब तक कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई है. आशीष कुमार के परिजन लगातार उनके सुरक्षित होने की उम्मीद लगाए हुए हैं और सरकार से शीघ्र ठोस कदम उठाने की मांग कर रहे हैं, ताकि उनके बारे में जल्द से जल्द पता चल सकें. ये भी पढ़ें- राज्यसभा प्रत्याशी बनाए जाने पर प्रदेश भाजपा ने राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन को दी बधाई