बिहार

नवादा में पूर्व मंत्री राजबल्लभ प्रसाद और विधायक विभा देवी के पुत्र अखिलेश की प्रार्थना सभा आयोजित, दी गयी श्रद्धांजलि

न्यूज11  भारत

नवादा/डेस्क: नवादा में पूर्व श्रम राज्यमंत्री राजबल्लभ प्रसाद और सदर विधायक श्रीमती विभा देवी के छोटे पुत्र अखिलेश कुमार के असामयिक निधन के बाद मंगलवार को उनकी आत्मा की शांति के लिए सर्वधर्म प्रार्थना सभा और श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया. यह सभा पथरा इंग्लिश स्थित जेहल प्रसाद बीएड कॉलेज के सभागार में हुई.

इस प्रार्थना सभा में हिंदू, मुस्लिम, सिख, ईसाई, बौद्ध और जैन धर्मों के धर्मगुरुओं के साथ-साथ प्रजापति ब्रह्मकुमारी और कबीरपंथ जैसे कई पंथों के गुरुओं ने भी हिस्सा लिया. सभी ने अपनी-अपनी प्रार्थना विधि से दिवंगत अखिलेश कुमार को ईश्वर के चरणों में स्थान देने की कामना की.

इस शोकपूर्ण अवसर पर राजबल्लभ प्रसाद के हजारों शुभचिंतकों ने 'अखिलेश कुमार अमर रहे' के नारे लगाए और उनके तैलचित्र पर माल्यार्पण कर पुष्पांजलि अर्पित की. इससे पहले, राजबल्लभ प्रसाद और उनकी पत्नी विभा देवी सहित अखिलेश कुमार के शोक संतप्त परिवार ने नम आँखों से पुष्पांजलि अर्पित की और उनके अधूरे सपनों को पूरा करने की शपथ ली.

सर्वधर्म प्रार्थना सभा का सफल प्रबंधन करते हुए एमएलसी अशोक कुमार ने कहा कि ईश्वर ने उनके प्रिय भाई को उनसे छीन लिया है, लेकिन उनकी यादें हमेशा हृदय में रहेंगी. पिता राजबल्लभ प्रसाद ने भावुक होते हुए कहा कि अल्पायु में पुत्र की मृत्यु से वे आहत जरूर हैं, लेकिन टूटे नहीं हैं. उन्होंने कहा कि अखिलेश की शेष आकांक्षाओं को पूरा करना अब उनका लक्ष्य बन गया है.

प्रार्थना स्थल पर देर शाम तक श्रद्धांजलि अर्पित करने वालों का तांता लगा रहा. वहीं, पारंपरिक कर्मकांड के तहत ब्रह्मभोज का सिलसिला भी जारी रहा.

यह भी पढ़ें: भागलपुर: घोघा थाना क्षेत्र में लूटकांड का खुलासा, एक अपराधी गिरफ्तार, 7 पहले ही भेजे जा चुके हैं जेल