मुरादपुर में भीषण आग से दो परिवारों का घर जलकर राख, अनाज-नकदी सहित छह बकरियां भी जलीं
इन्द्रदेव/न्यूज11 भारत सहरसा/डेस्क: सहरसा जिले के नौहट्टा प्रखंड अंतर्गत मुरादपुर पंचायत के वार्ड नंबर 3 में रविवार की रात करीब 8 बजे अचानक भीषण आग लगने से दो परिवारों का आशियाना जलकर पूरी तरह राख हो गया. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी और मातम का माहौल बन गया. प्राप्त जानकारी के अनुसार बीणा देवी (पति स्व. चौठी चौधरी) के दोनों पुत्र — पंकज चौधरी और अशोक चौधरी — के घर में चूल्हे की चिंगारी से अचानक आग लग गई. देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और दोनों घरों को अपनी चपेट में ले लिया. इस अगलगी की घटना में घर में रखा गेहूं-चावल, कपड़े, चौकी, पलंग सहित लगभग 12 हजार रुपये नकद जलकर नष्ट हो गए. साथ ही परिवार की छह बकरियां भी आग में झुलसकर मर गईं, जिससे पीड़ित परिवार को भारी आर्थिक क्षति हुई है. घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे और अपने स्तर से आग बुझाने का प्रयास किया. बाद में सूचना पर पहुंची अग्निशमन विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया.पीड़ित परिवार ने प्रशासन से उचित मुआवजे की मांग की है. घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और शोक का माहौल बना हुआ है.