सिवान में सहायक तकनीकी प्रबंधक सृष्टि कुमारी का शव

Bihar : sorry mummy; तुझे बहुत परेशान किया...मुझे माफ करना...मैं संभाल नहीं पाई..!सुसाइड नोट लिखकर फंदे पर लटक गई सृष्टि

सुसाइड नोट लिखकर फंदे पर लटक गई सृष्टि

न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क 

BiharCrimeNews/ सिवान/ वैशाली - बिहार के सिवान जिले से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक महिला अधिकारी का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका हुआ मिला। यह मामला नगर थाना क्षेत्र के सिसवन ढाला स्थित लक्ष्मीपुर मोहल्ले का है। मृतका की पहचान 27 वर्षीय सृष्टि कुमारी के रूप में हुई है, जो वैशाली जिले की रहने वाली थीं।

मंगलवार दोपहर यह घटना तब सामने आई जब सृष्टि के कमरे से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर पड़ोसियों और मकान मालिक ने दरवाजा खटखटाया। हल्का धक्का देने पर दरवाजा खुल गया और अंदर का दृश्य देख हर कोई स्तब्ध रह गया। सृष्टि का शव फंदे से लटका हुआ था, लेकिन उनके पैर जमीन को छू रहे थे, जिससे मामला शुरुआत से ही संदिग्ध प्रतीत हो रहा है।

मृतक सहायक तकनीकी प्रबंधक सृष्टि कुमारी । 

हाइलाइट्स- 

  • 27 वर्षीय सृष्टि कुमारी का शव सिवान में संदिग्ध हालात में फंदे से लटका मिला
  • शव के पास मिला सुसाइड नोट, जिसमें मां से माफी मांगने की बात लिखी
  • सुसाइड नोट की हैंडराइटिंग आधिकारिक दस्तावेजों से नहीं खा रही मेल
  • कमरे का दरवाजा अंदर से लॉक नहीं था, जिससे बढ़ा शक
  • फंदे पर लटके शव के पैर जमीन को छू रहे थे, स्थिति संदिग्ध
  • FSL टीम ने मौके से कई अहम साक्ष्य और सैंपल जुटाए
  • सृष्टि हसनपुरा प्रखंड में सहायक तकनीकी प्रबंधक (ATM) पद पर थीं
  • परिजनों ने जताई हत्या की आशंका, निष्पक्ष जांच की मांग
  • पुलिस हत्या और आत्महत्या दोनों एंगल से कर रही जांच
  • पोस्टमॉर्टम और फोरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार, तभी होगा खुलासा 

जिम्मेदार पद पर थीं सृष्टि

सृष्टि कुमारी हसनपुरा प्रखंड के सहुली चट्टी स्थित प्रखंड कृषि पदाधिकारी कार्यालय में सहायक तकनीकी प्रबंधक (ATM) के पद पर कार्यरत थीं। उन्होंने मार्च 2023 में इस पद पर योगदान दिया था और अपने कार्य के प्रति समर्पित एवं मेहनती अधिकारी मानी जाती थीं। कार्यालय के पदाधिकारियों के अनुसार, सोमवार को सृष्टि ऑफिस नहीं पहुंचीं थीं। जब सहकर्मियों ने संपर्क किया तो उन्होंने बताया कि वे ट्रेन से सिवान आ रही हैं। इसके बाद उनसे कोई संपर्क नहीं हो सका। 

सुसाइड नोट से बढ़ा संदेह

घटनास्थल से पुलिस को एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है। इसमें लिखा था— “मैं संभाल नहीं पाई, मम्मी माफ करना, मैंने आपको बहुत दुख दिया।”  हालांकि, इस नोट ने मामले को सुलझाने के बजाय और उलझा दिया है। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि सुसाइड नोट की लिखावट सृष्टि के आधिकारिक दस्तावेजों से मेल नहीं खा रही है। नोट में बड़े और असामान्य अक्षरों का इस्तेमाल किया गया है, जो एक शिक्षित अधिकारी की लिखावट से अलग प्रतीत होता है। यही कारण है कि अब पुलिस इस एंगल पर भी जांच कर रही है कि कहीं यह नोट किसी और ने तो नहीं लिखा या सृष्टि से दबाव में लिखवाया गया हो।

एफएसएल टीम जांच में जुटी

घटना की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम को मौके पर बुलाया गया। टीम ने कमरे से कई अहम साक्ष्य और सैंपल एकत्र किए हैं।

पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। जांच अधिकारी का कहना है कि पोस्टमॉर्टम और एफएसएल रिपोर्ट के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।

परिजनों का आरोप, हत्या की आशंका

घटना की सूचना मिलते ही सृष्टि के परिजन सिवान पहुंचे। बेटी का शव देखते ही मां का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। उन्होंने कहा कि एक दिन पहले ही उनकी बेटी से बात हुई थी और वह बिल्कुल सामान्य थी। परिजनों का साफ कहना है कि सृष्टि ने कभी किसी मानसिक तनाव या परेशानी की बात नहीं की थी। ऐसे में आत्महत्या की बात पर उन्हें भरोसा नहीं हो रहा। सृष्टि के भाई ने भी सुसाइड नोट की लिखावट पर सवाल उठाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। उनका कहना है कि सृष्टि UPSC की तैयारी कर रही थी और वह मानसिक रूप से काफी मजबूत थी।

रोते- बिलखते परिजन। 

हर एंगल से जांच में जुटी पुलिस

फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले को बेहद गंभीरता से लेते हुए जांच कर रही है। प्रथम दृष्टया यह मामला संदिग्ध नजर आ रहा है, इसलिए हत्या और आत्महत्या दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। जांच अधिकारियों का कहना है कि सभी तथ्यों और साक्ष्यों की गहन पड़ताल की जा रही है। पोस्टमॉर्टम और फोरेंसिक रिपोर्ट के बाद ही सच्चाई सामने आ पाएगी।

इसे भी पढ़ें-  शराबबंदी पर सियासी संग्राम: नीरज कुमार का तेजस्वी पर बड़ा आरोप, ‘शराब कंपनियों से लिया चुनावी चंदा’