बिहार

कटिहार में NH 31 पर दर्दनाक सड़क हादसा, तेज रफ्तार पिकअप में दो युवकों को रौंदा, एक की घटनास्थल पर ही मौत

न्यूज11  भारत

कटिहार/डेस्क: कटिहार जिले के कुर्सेला थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है. NH-31 पर बिशु बाबा स्थान के पास तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने साइकिल सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी. इस हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया. मृतक युवक की पहचान सुजीत कुमार, पिता रामविलास यादव के रूप में हुई है, जो मनिहारी का रहने वाला बताया जा रहा है. जानकारी के अनुसार सुजीत कुमार होली पर्व के मौके पर अपने मौसा के घर आया हुआ था. इसी दौरान वह अपने साथी के साथ साइकिल से कहीं जा रहा था, तभी तेज रफ्तार पिकअप ने दोनों को रौंद दिया. हादसे में गंभीर रूप से घायल दूसरे युवक को तुरंत इलाज के लिए CSC समेली में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है.

घटना के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया और गुस्साए ग्रामीणों ने NH-31 को जाम कर दिया. करीब दो घंटे तक सड़क जाम रहने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया. घटना की सूचना मिलते ही कुर्सेला थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर जाम छुड़ाया. वहीं पुलिस ने दुर्घटना में शामिल पिकअप वाहन को जब्त कर लिया है और चालक को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.

यह भी पढ़ें: नीतीश जब तक सरकार में हैं, बिहार में नहीं हटेगी शराबबंदी, परिवहन मंत्री श्रवण कुमार का बड़ा बयान